राजधानी भोपाल में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अब बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। गैस एजेंसियों का कहना है कि ई-केवाईसी नहीं होने पर बुकिंग के बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी रोकी जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं और एजेंसियों के बीच विवाद बढ़ा
मामले को लेकर गैस कंपनियों का कहना है कि उन्होंने केवल e-KYC सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, सिलेंडर की डिलीवरी रोकने के लिए नहीं कहा है। इसके चलते उपभोक्ताओं और एजेंसियों के बीच विवाद बढ़ रहा है।
डीलर्स के मुताबिक, भोपाल में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के करीब 9 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से पांच दिन में 1.35 लाख (15%) की e-KYC लंबित होने से उनकी गैस आपूर्ति नहीं हो रही है।
No E-KYC No Cylinder Rule
भोपाल में ई-केवाईसी नहीं होने से करीब 1.35 लाख उपभोक्ताओं की डिलीवरी रोकी गई।
e-KYC के बाद भी नहीं मिली जानकारी
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले वाहिद कुरैशी ने बताया कि तीन दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था। एजेंसी से ई-केवाईसी के लिए फोन आया, लेकिन नहीं पहुंच पाने पर बुकिंग कैंसिल कर दी गई। वहीं, कोलार बैरागढ़ के विशाल वाधवानी का कहना है कि ई-केवाईसी नहीं कराने पर उनकी भी बुकिंग कैंसिल कर दी गई। अब केवाईसी कराने के बाद भी डिलीवरी की जानकारी नहीं मिली है।
गैस कंपनियों की मनमानी
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष बीएस शर्मा का कहना है कि गैस कंपनियों ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि यदि e-KYC नहीं कराते हैं तो आगे भी सिलेंडर की डिलीवरी न दी जाए। यह गैस कंपनियों की मनमानी है। जबकि यह अनिवार्य नहीं है। इसके चलते भोपाल में 15 से 20% से ज्यादा उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं। रोजाना विवाद हो रहे हैं
ई-केवाईसी पर उपभोक्ताओं के सवालों के जवाब
ई-केवाईसी नहीं तो गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा?
जवाब: नहीं। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कंपनियों के मौखिक निर्देश के बाद ई-केवाईसी नहीं होने पर बुकिंग रद्द कर डिलीवरी रोकी जा रही है। कंपनियों का कहना है कि उन्होंने केवल ई-केवाईसी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, डिलीवरी रोकने के नहीं।
आखिर लोगों के लिए e-KYC जरूरी क्यों ?
उपभोक्ताओं की पहचान सत्यापित करने, फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन रोकने और रिकॉर्ड अपडेट रखने के लिए ई-केवाईसी कराई जा रही है।
e-KYC कैसे कराएं ?
उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी पर पहुंचकर आधार और मोबाइल नंबर के सत्यापन के साथ ई-केवाईसी करा सकते हैं। कई कंपनियों ने अपने मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई है।
बुकिंग रद्द का कोई आदेश जारी हुआ है?
गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक, उन्हें इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं मिला है, सिर्फ मौखिक आदेश मिले हैं।
















