रायगढ़, 31 जनवरी 2026।
घरघोड़ा पुलिस ने नवापारा से हुई ट्रैक्टर चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
मामले का संक्षिप्त विवरण
29 जनवरी को ट्रैक्टर मालिक संजय सिन्हा, पिता स्व. भागवत प्रसाद सिन्हा, उम्र 58 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06 नवापारा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27–28 जनवरी की रात उनके घर के सामने खड़ा ट्रैक्टर वाहन क्रमांक CG-13-BB-2313 इंजन व ट्रॉली सहित अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें चार संदिग्ध युवक नजर आए। इनके हुलिए की जानकारी मुखबिरों को दी गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक स्थानीय ढाबा के पास ट्रॉली बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल दबिश देकर पुलिस ने रामप्रसाद सारथी निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल (हाल मुकाम ग्राम नकना, धरमजयगढ़) को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों मिथलेष सारथी, योगेश कुमार धनवार और नरेश कुमार पटैल के साथ मिलकर पल्सर बाइक से नवापारा से ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने छापेमारी कर तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर छाल रोड ग्राम बैहामुड़ा कटंगनारा–कोसाबाड़ी के पास छिपाकर रखा गया चोरी का ट्रैक्टर वाहन क्रमांक CG-13-BB-2313 इंजन व ट्रॉली (कीमत लगभग 9 लाख रुपये) तथा चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर बाइक (कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये) बरामद की गई। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपी*
(1) रामप्रसाद सारथी पिता श्यामलाल सारथी उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम तरेकेला थाना छाल जिला रायगढ़
(2) मिथलेश सारथी पिता मानसिंह सारथी उम्र 19 वर्ष, निवासी फरकानारा चौकी जोबी थाना खरसिया जिला रायगढ़
(3) योगेश कुमार धनवार पिता रामेश्वर धनवार उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम खर्रा थाना छाल जिला रायगढ़
(4) नरेश कुमार पटैल पिता शिवदयाल पटैल उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम खर्रा
कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरिश पटेल, उद्यो पटेल तथा स्थानीय युवक कालिया गुप्ता की रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, जिला रायगढ़ ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा है कि—
*“सीसीटीवी कैमरे आज केवल निगरानी का साधन नहीं, बल्कि अपराध रोकने और अपराधियों की पहचान का सबसे मजबूत माध्यम बन चुके हैं। हाल के कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। प्रत्येक घर, दुकान, प्रतिष्ठान और कॉलोनी में सीसीटीवी लगाए जाने से न सिर्फ चोरी, लूट जैसे अपराधों पर अंकुश लगता है, बल्कि किसी भी घटना की जांच में पुलिस को ठोस तकनीकी साक्ष्य मिलते हैं।*
*नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे अपने परिसरों में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। जनसहयोग और तकनीक के माध्यम से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।”*
















