वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए मौके पर पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को टोकन का वितरण मंगलवार से शुरू होगा, जबकि पंजीकरण की प्रक्रिया अगले दिन से आरंभ होगी। जम्मू के उपायुक्त राकेश मिन्हास ने सोमवार को यह जानकारी दी।
तीन जुलाई से शुरू होगी यात्रा
करीब 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की 57 दिवसीय वार्षिक यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी। यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे, लेकिन अधिक दुर्गम बालटाल मार्ग से संचालित होगी। श्रद्धालुओं का पहला जत्था दो जुलाई को जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से रवाना होगा।
सुबह 6 बजे से वितरित किए जाएंगे टोकन
मिन्हास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘तवी नदी तट पर टोकन वितरण के लिए 10 काउंटर स्थापित किए गए हैं। मंगलवार सुबह छह बजे से पारदर्शी तरीके से टोकन वितरित किए जाएंगे। टोकनधारकों का पंजीकरण और आरएफआईडी जारी करने की प्रक्रिया अगले दिन से शुरू होगी।’’ उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजीकरण, आवास, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तवी रिवरफ्रंट पर टोकन केंद्र के साथ ई-केवाईसी और आरएफआईडी पंजीकरण काउंटर भी स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, पिछले वर्षों की तरह गीता भवन, राम मंदिर और भगवती नगर में भी पंजीकरण केंद्र संचालित होंगे
















