रायगढ़, 28 जनवरी 2026।
थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम पाता में महिला और उसके पिता के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में पीड़िता ने थाना तमनार पहुंचकर थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर को शिकायत दी थी।
महिला ने बताया कि वह अपने मायके ग्राम पाता में थी। 26 जनवरी को गांव में एक फेरीवाला चादर बेचने आया था। इसी दौरान गांव का खीरसागर यादव फेरीवाले के साथ गाली-गलौच करने लगा। महिला के पिता ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी बात को लेकर खीरसागर यादव और आनंद यादव ने महिला और उसके पिता के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर दी।
शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 18/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 296, 351(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—खीरसागर यादव (उम्र 31 वर्ष) और आनंद यादव (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम पाता—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
















