महंगाई की मार झेल रही जनता को एक बार और बड़ा झटका लगने वाला है। दरअसल केरल के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री जे. चिंचू रानी ने गुरुवार को कहा कि राज्य में दूध की कीमतों में जल्द ही संशोधन किया जाएगा। केरल उच्च न्यायालय ने पहले ही MILMA को कीमतों में बदलाव लागू करने का अधिकार दे दिया है
इस बारें में राज्य के डेयरी मंत्री का कहना है कि पड़ोसी राज्यों से सस्ती दरों पर दूध की आवक केरल के डेयरी बाजार के लिए एक बड़ा खतरा है। इसलिए, पाँच सदस्यों वाली कमेटी की सिफारिशों पर MILMA डेयरी किसानों को फायदा पहुँचाने के लिए कीमतों में बदलाव करने की तैयारी में है।
उन्होंने आगे बताया कि दूध उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करना राज्य सरकार का पहला मकसद है। राज्य देश में दूध के लिए सबसे ज़्यादा कीमत अदा करता है। तमिलनाडु ₹34.72 प्रति लीटर और कर्नाटक ₹35.20 प्रति लीटर का भुगतान करता है, जबकि केरल ₹43.17 प्रति लीटर भुगतान करता है। बता दें कि, इन दिनों केरल विधानसभा में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि को लेकर विपक्ष द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर भी चर्चा हो रही है।
















