रायगढ़, 9 जनवरी 2026।
शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए नकबजनी के दो मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब ₹5 लाख 16 हजार की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को रामभांठा जवाहर नगर रायगढ़ निवासी आशा भगत (36 वर्ष) ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे 22 दिसंबर 2025 को घर में ताला लगाकर जशपुर गई थीं। 27 दिसंबर को दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य द्वार और अंदर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। तीन आलमारियों के ताले भी तोड़ दिए गए थे, जिनमें रखे सोने-चांदी के जेवर, स्मार्ट वॉच और एयरफोन गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग ₹2 लाख बताई गई।

शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 667/2025 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से लोहे की पत्ती नुमा रॉड, टूटा ताला और कुंदा जब्त किया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में एएसआई कोसो सिंह जगत एवं पुलिस स्टाफ द्वारा संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने 26 दिसंबर 2025 की रात आशा भगत के मकान में चोरी करना तथा उसी मकान में रहने वाले किरायेदार अनिल कुजूर के घर (अपराध क्रमांक 05/2026) में भी सेंधमारी करना स्वीकार किया।

आरोपी विजय लकड़ा के पास से सोने का मंगलसूत्र, नेकलेस, कान की बालियां, चांदी के पायल, हाथफूल और बिछिया सहित कई जेवरात बरामद किए गए। वहीं आरोपी अविनाश बरेठ के कब्जे से भी सोने की कान की बालियां और चांदी के पायल-बिछिया जब्त किए गए। कुल मिलाकर पुलिस ने ₹5,16,248 मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

मामले में संलिप्त पाए जाने पर तीनों आरोपियों को 9 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1.विजय लकड़ा, पिता अंतर लकड़ा, उम्र 27 वर्ष, निवासी रामभांठा जवाहर नगर, थाना कोतवाली रायगढ़
2.अविनाश बरेठ, पिता कमलेश बरेठ, उम्र 27 वर्ष, निवासी बापूनगर, मानकेसरी मंदिर के पास, रायगढ़
3.नवजोत सिंह उर्फ गगनदीप, पिता रंजीत सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी रामभांठा जवाहर नगर, रायगढ़
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। पूरी कार्रवाई में एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, कमलेश यादव एवं रोशन एक्का की सराहनीय भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस की तत्परता से नकबजनी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी होने से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।
















