Today Cg News: रायपुर, 26 अगस्त 2026
बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम मेटावाड़ा की निवासी रैमती मौर्य महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही अपने दो नाती की पढ़ाई में भी कर रही हैं। हर महीने मिलने वाली राशि से वह बच्चों की पढ़ाई के लिए पेन, कॉपी सहित अन्य छोटी-छोटी आवश्यकताओं की पूर्ति करती हैं और घर-परिवार की जरूरतों में भी सहयोग देती हैं।
रैमती मौर्य बताती हैं कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक पहल है। योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने महिलाओं को अपनी जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। अब छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भरता कम हुई है और वे स्वयं भी परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान दे पा रही हैं।
’बिहान समूह से जुड़कर बढ़ाया आत्मविश्वास’
रैमती मौर्य करीब दस वर्ष पहले राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बिहान समूह से जुड़ी थीं। वर्तमान में वे अपने अमृता स्व सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह के माध्यम से विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर उन्होंने आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर कदम बढ़ाए हैं। वर्तमान में रैमती मौर्य क्लस्टर संगठन से आर्थिक सहायता लेकर साग-सब्जी की खेती कर रही हैं। खेत में उत्पादित सब्जियों को वे स्थानीय तोकापाल साप्ताहिक बाजार के साथ ही केशलूर में भी बेचती हैं। इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिल रही है।
’महतारी वंदन की 31वीं किस्त को बताया रक्षाबंधन की सौगात’
रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि मिलने पर रैमती मौर्य ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मिली यह राशि हम बहनों के लिए एक विशेष सौगात है। मुख्यमंत्री श्री साय के विशेष स्नेह और आशीर्वाद से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिल रहा है।
रैमती मौर्य कहती हैं कि महतारी वंदन योजना की सहायता से वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ अपने नाती की पढ़ाई में भी सहयोग कर पा रही हैं। बिहान समूह से जुड़कर आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने और महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है। वे योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त करती हैं।















