राजस्थान के झुंझुनूं-चूरू जिले की सीमा पर पिलानी के पास थिरपाली गांव के नजदीक गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, एक डंपर और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा हमीरवास थाना क्षेत्र में पिलानी-सादुलपुर रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार लोग नोहर-भादरा इलाके से पिलानी एक शादी में शामिल होने आ रहे थे, तभी थिरपाली टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया।
हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो में सवार कुछ लोग जिंदा जल गए, जबकि अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पिलानी के बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी राय सिंह सुथार ने बताया कि कुछ लोग शादी से लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी डंपर से टकरा गई और आग लग गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।
IPS अधिकारी अभिजीत पाटिल के मुताबिक, शव बुरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उनकी पहचान अब DNA टेस्ट के जरिए ही हो पाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों के शव चूरू जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
















