पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद तमिलनाडु में भी टीवीके के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो चुका है। वीसीके और ऑल इंडिया मुस्लिम लीग ने विजय को समर्थन दे दिया है। अब विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वासनाथ उन्हें सीएम नियुक्त कर चुके हैं। विजय रविवार को सुबह 10 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी शामिल होंगे। विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा।
इससे पहले कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में दोपहर 11 बजे हजारों लोगों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शुभेंदु अधिकारी ने शपथ से पहले ही साफ कर दिया था कि अब बंगाल में मैं नहीं हम सब मिलकर सरकार चलाएंगे।
बता दें कि करीब 6 साल पहले बंगाल बीजेपी में शुभेंदु अधिकारी की एंट्री हुई थी। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद उनका हाथ पकड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल कराया था और 2026 में शुभेंदु बंगाल में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। शुभेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के जायंट किलर हैं, जिन्होंने दो बाद लगातार सीटिंग सीएम ममता बनर्जी को चुनावों में मात दी है। 2021 में नंदीग्राम में उन्हें हराया और 2026 में भवानीपुर में शिकस्त दी, इसलिए उनकी ताजपोशी भी ऐतिहासिक रही।
शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में खुद पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, NDA शासित राज्यों के सीएम समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के 9वें और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।
तमिलनाडु में AMMK चीफ दिनाकरन ने राज्यपाल को चिट्ठी दी है। AMMK चीफ दिनाकरन ने TVK के खिलाफ चेन्नई पुलिस से जालसाजी की शिकायत की। TVK पर अपने इकलौते विधायक के फर्जी दस्तखत वाला पत्र गवर्नर को सौंपने का आरोप लगाया। फिर, TVK ने जवाब में वीडियो जारी किया, जिसमें AMMK विधायक कामराज समर्थन पत्र लिखते नजर आए।
असम में हिमंत बिस्वा सरमा ही दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। पुडुचेरी में भी एनडीए की सरकार बन रही है। केरल में अभी भी सीएम के नाम पर मुहर नहीं लगी है, लेकिन केसी वेणुगोपाल को ज्यादा विधायरों ने सीएम के रूप में पसंद किया है। हालांकि, सतीशन को यूडीएफ खए अन्य सहयोगी ज्यादा पसंद करते हैं।
















