रोजाना वॉक करने से शरीर स्वस्थ रहता है, वजन कम होता है और आप कहीं ज्यादा एक्टिव महसूस करते हैं। लेकिन खाना खाने के बाद की गई वॉक पेट और आंतों के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है। गट हेल्थ में सुधार के लिए कुछ लोग महंगे सप्लीमेंट्स, डिटॉक्स ड्रिंक्स और कॉम्प्लेक्स लाइफस्टाइल को अपनाते हैं, जिसे लंबे समय तक चला पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर सौरभ सेठी ने एक ऐसी आदत के बारे में बताया है जो आपकी गट हेल्थ में तेजी से सुधार लाती है। ये आदत है रात में खाना खाने के बाद कुछ देर टहलना।
डॉक्टर सौरभ सेठी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो हर दिन शाम के भोजन के बाद टहलना जरूरी मानते हैं। आपकी ये छोटी सी आदत पाचन, ब्लड शुगर के स्तर और पूरे स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकती है।
पेट फूलने की समस्या में राहत
डॉक्टर सेठी के अनुसार, रात के खाने के बाद टहलने का एक सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे पाचन क्रिया तेज होती है। आसान भाषा में कहें तो, टहलने से पाचन तंत्र की मांसपेशियां उत्तेजित होती हैं, जिससे खाना पेट और आंतों से अधिक कुशलता से गुजरता है। नतीजा लोगों को कम सूजन, कम एसिड रिफ्लक्स और कम कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
गैस और भारीपन में आराम
कई लोगों को भारी भोजन करने के बाद असहजता महसूस होती है, लेकिन हल्की-फुल्की वॉक भी पाचन तंत्र को अपना काम अधिक प्रभावी ढंग से करने में मदद कर सकती है। डॉक्टर सेठी बताते हैं कि आंतों की गतिशीलता का यह प्राकृतिक उत्तेजना ही एक कारण है कि खाने के बाद की सैर पाचन क्रिया में इतना आराम दे सकती है।
शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता
आपकी ये एक आसान सी आदत शुगर स्पाइक को कम करती है। रात के खाने के बाद टहलने से शरीर में ब्लड शुगर लेवल अचानक से नहीं बढ़ता है। खाने के बाद केवल 10 मिनट की वॉक भी रक्त शर्करा के स्तर में होने वाली उस अचानक बढ़ोत्तरी को काफी हद तक कम कर सकती है जो आमतौर पर खाने के बाद होती है।
मांसपेशियां मजबूत
चलते समय जब मांसपेशियां सक्रिय होती हैं, तो वो ऊर्जा के लिए ग्लूकोज का उपयोग करती हैं, जिससे शरीर में शुगर का अच्छी तरह से इस्तेमाल होता है। ये आदत उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो हेल्दी ब्लड शुगर के स्तर को बनाए रखने या अपने पूरे चयापचय स्वास्थ्य में सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं। खाने के तुरंत बाद बैठने के बजाय, थोड़ी देर टहलने से बहुत अच्छे नतीजे मिलते हैं।
आंतों के लिए फायदेमंद
खाने के बाद टहलना सबसे कम महत्व दी जाने वाली स्वास्थ्य आदतों में से एक है। जहां कई लोग बेहतर पाचन के लिए डिटॉक्स जूस, क्लींजिंग और वेलनेस प्रोग्राम पर पैसा खर्च करते हैं, वहीं रात के खाने के बाद थोड़ी देर टहलना पूरी तरह से फ्री है और ये गट के लिए इन सबसे ज्यादा असरदार है।
















