रायगढ़, 31 जनवरी 2026।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जूटमिल पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर फरसानुमा तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी को जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीभौना नीचेपारा में एक युवक शराब के नशे में फरसानुमा धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक वीरेंद्र भगत और शिव वर्मा को मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते हुए झगड़ा-विवाद कर रहा था। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घेराबंदी कर काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश यादव, पिता श्रवण यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी अमलीभौना नीचेपारा, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ बताया। उसके कब्जे से फरसानुमा लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।
आरोपी के कृत्य को आर्म्स एक्ट के तहत अपराध मानते हुए थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में हथियार लहराकर दहशत फैलाने और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
















