दिल्ली में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इनपुट गैस की बढ़ती लागत के चलते इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी 29 अगस्त की सुबह 6 बजे से अपने सभी GA में CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाएगी। इसके बाद दिल्ली में CNG की नई कीमत 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी।
मई में भी बढ़े थे CNG के दाम
इससे पहले 26 मई को भी IGL ने CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद दिल्ली में CNG का भाव 81.09 रुपये से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया था।
11 दिन में चार बार बढ़े थे दाम
मई में CNG की कीमतों में महज 11 दिनों के अंदर चार बार बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले 23 मई को IGL ने CNG के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की थी। इसके बाद दिल्ली में CNG की कीमत 80.09 रुपये से बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी।
CNG पर बड़ी संख्या में वाहन निर्भर
CNG के बढ़ते दाम का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। दिल्ली-NCR के गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहरों में बड़ी संख्या में वाहन CNG से चलते हैं। टैक्सी, कैब और ऑटो के अलावा कई निजी वाहन भी CNG पर निर्भर हैं।
बढ़ती कीमतों से बढ़ेगा खर्च
CNG के दाम लगातार बढ़ने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ सकती है। खासकर टैक्सी, कैब और ऑटो चालकों की रोजाना की लागत बढ़ेगी, जिसका असर उनकी कमाई पर पड़ सकता है। वहीं, CNG से चलने वाली निजी गाड़ियों के मालिकों को भी अब ईंधन पर ज्यादा खर्च करना होगा। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण दिल्ली-NCR में CNG वाहन चलाने वालों के लिए ईंधन का खर्च चिंता का विषय बनता जा रहा है।














