बठिंडा जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में गुजरात पुलिस की महिला पुलिसकर्मी अमिता समेत पांच युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सभी लोग फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर बठिंडा से गुजरात की ओर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस में तैनात महिला कांस्टेबल अमिता अपने चार दोस्तों—अंकुश, भरत, चेतन और सतीश—के साथ यात्रा कर रही थीं। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव गुरथड़ी के पास मैन हाईवे पर पहुंची, तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सभी पांचों की मौके पर ही मौत हो गई।
शव सिविल अस्पताल भेजे गए
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में सवार सभी लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा भेजा जा रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मौके पर मचा हड़कंप
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
















