दिल्ली से उड़ान भरने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी (Indigo Bomb Threat) मिली, जिससे उड़ान के दौरान विमान में अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलने के बाद पायलट ने तुरंत फ्लाइट को लखनऊ की ओर मोड़ दिया। सुबह 9:17 बजे विमान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6650 दिल्ली से 222 यात्रियों को लेकर पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही थी। उड़ान के दौरान विमान में बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को डायवर्ट किया गया।
आज (18 जनवरी) सुबह यह विमान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरा।
ATC ने दी जानकारी
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सुबह करीब 8:46 बजे बम की धमकी की सूचना मिली थी। तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत जांच में जुट गईं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी ने टिशू पेपर पर हाथ से लिखा था, “प्लेन में बम है।” इस घटना से पूरे विमान में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।
टिशू पेपर पर लिखी थी धमकी
एसीपी रजनीश वर्मा के अनुसार, “फ्लाइट के टॉयलेट में टिशू पेपर छोड़ा था, जिसपर लिखा था कि विमान में बम है। विमान बागडोगरा की तरफ जा रहा था। लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गई।”
इंडिगो की इस फ्लाइट में 222 पैसेंजर्स और 8 नवजात बच्चे मौजूद थे। इसके अलावा 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर्स भी फ्लाइट में शामिल थे। सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
















