कल 4 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन छत्तीसगढ़ में अभी से ही रंगों की धूम देखने को मिल रही है। बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है और शहरभर में लोग रंग-गुलाल की खरीदारी में जुटे हैं। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसे लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
राजधानी रायपुर में होली के दिन शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। सड़क पर हुड़दंग करने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस न सिर्फ पेट्रोलिंग करेगी, बल्कि आसमान से भी निगरानी रखी जाएगी।
ड्रोन से रखी जाएगी नजर
होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रायपुर पुलिस ने इस बार ड्रोन कैमरों की मदद ली है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, घनी बस्तियों और व्यस्त इलाकों में ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं।
3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
त्योहार को देखते हुए पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। राजधानी रायपुर में 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी जवान सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार तैनात रहेंगे।
इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों और तीन सवारी बाइक या स्कूटी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की है।















