गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग का धुआं इतना तेज था कि वह दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे से भी दिखाई दे रहा था।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अब तक 8 फ्लैट आग की चपेट में आ चुके हैं।
दमकल विभाग की हाइड्रोलिक मशीन ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में दिक्कत कर रही थी, जिससे आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। D टावर के सामने पार्क और संकरी सड़क होने की वजह से बड़ी फायर गाड़ियां अंदर नहीं जा सकीं।
घटना के बाद सोसायटी में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। दो लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है।
जिस फ्लैट में आग लगी थी, उसमें कोई मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल प्रशासन और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
















