साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर उर्फ नन्दमुरी तारक रामा राव आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर निर्देशक प्रशांत नील ने अभिनेता और उनके फैंस को एक शानदार तोहफा दिया है। जूनियर एनटीआर के बर्थडे पर उनकी नई फिल्म ‘ड्रैगन’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। मेकर्स ने आधी रात को सुपरस्टार और उनके फैंस को ये सरप्राइज दिया, जिसकी अब हर तरफ चर्चा हो रही है। जूनियर एनटीआर के फैंस को बेसब्री से उनकी इस फिल्म का इंतजार है, क्योंकि इसका निर्देशन ‘केजीएफ’ और ‘सलार’ फेम प्रशांत नील कर रहे हैं। ‘ड्रैगन’ के टीजर में जूनियर एनटीआर डेमीडॉग के रूप में बेहद खतरनाक लुक में नजर आ रहे हैं, जिसे देखने के बाद फैंस की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
जूनियर एनटीआर की मोस्ट अवेटेड फिल्म का टीजर जारी
‘ड्रैगन’ मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है, जिसमें जूनियर एनटीआर के साथ अनिल कपूर भी नजर आने वाले हैं। 4 मिनट 28 सेकेंड के फर्स्ट लुक टीजर में साउथ सुपरस्टार नेवर सीन बिफोर लुक में दिखाई दे रहे हैं। धांसू बॉडी, चेहरे पर गुस्सा और खतरनाक अंदाज, ये सब देखने के बाद फैंस की उम्मीदें इस फिल्म से और भी ज्यादा बढ़ गई हैं। टीजर से पता चलता है कि प्रशांत नील एक बार फिर दर्शकों को ग्रैंड सिनेमाई एक्सपीरियंस देने की तैयारी में हैं। वहीं टीजर से एक बात और साफ हो चुकी है कि ड्रैगन की कहानी अंग्रेजों के जमाने के बाद अफीम की खेती, ड्रग्स और कुख्यात गोल्डन ट्रायंगल से जुड़ी है।
टीजर देख उत्सुक हुए फैंस
जूनियर एनटीआर की इस अपकमिंग फिल्म का टीजर देखने के बाद फैंस की उत्सुकता भी बढ़ गई है। इस टीजर की शुरुआत इतिहास से होती है, जिसमें बताया जाता है कि अंग्रेज भारत में आए तो कपास और मसालों के लिए थे, लेकिन वह एक पौधे के चलते 250 साल तक यहां रुके। ये पौधा था ओपियम यानी अफीम, जो दुनिया के सबसे खतरनाक नशों में से एक है। दुनिया में दो ही जगहों पर ओपियम सबसे ज्यादा उगता था, एक अफगानिस्तान और दूसरा गोल्डन ट्रायंगल। जब अंग्रेज आए तो अफीम के 95 प्रतिशत धंधे पर कब्जा कर लिया और जब 1947 में भारत छोड़कर गए तो अपने पीछे सबसे ज्यादा फायदे वाला बिजनेस भी छोड़ गए।
जूनियर एनटीआर बने लूगर
अंग्रेजों के जाने के बाद टीजर में कहानी 1967 में पहुंचती है, जहां दुनिया के अलग-अलग देशों के ट्रेड्स दिखाए जाते हैं और फिर एक राक्षस आता है, ये राक्षस जूनियर एनटीआर हैं, जिनके किरदार का नाम लूगर है। लूगर एक एसेसिन यानी भाड़े का हत्यारा है और टीजर में जूनियर एनटीआर की एंट्री के साथ ही एक डायलॉग भी सुनाई देता है- ‘खुदा की मेहर है मुझ पर, ट्रिगर दबाने के बाद अफसोस नहीं करता। सोते समय उनकी शक्ल तक सपने में नहीं आती, जिन्हें मारा है। सिर्फ उनकी शक्ल आती है, जो अब तक बचे हैं। भटकते हुए भी मेरे सपने में मत आना।’
अनिल कपूर बने एनसीबी चीफ
इस फिल्म के आखिरी हिस्से में अनिल कपूर की झलक भी देखने को मिलती है, जो एनसीबी चीफ रघुवीर राठौर के किरदार में हैं। वहीं ड्रैगन की कास्ट की बात करें तो जूनियर एनटीआर और अनिल कपूर के अलावा रुक्मिणी वसंत, खुशबू सुंदर, बीजू मेनन, गुरु सोमसुंदरम, आशुतोष राणा, राजीव कनकला, प्रभास श्रीनु, शिव, जीत ओबेरॉय और सिद्धांत गुप्ता जैसे कलाकार भी इस फिल्म में नजर आएंगे
















