Bank holiday अगर अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की प्लानिंग बना रहे हैं तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें। नवंबर के आखिरी हफ्ते में अलग-अलग राज्यों में कई दिनों तक बैंक बंद रहने वाले हैं। गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर 24 नवंबर को देश के कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा महीने का चौथा शनिवार और रविवार होने के कारण भी लगातार दो दिन बैंक नहीं खुलेंगे। ऐसे में अगर आपको चेक जमा करना है, कैश जमा करना या निकालना है अथवा बैंक शाखा में जाकर कोई जरूरी काम करना है तो छुट्टियों के हिसाब से अपना प्लान बना लें।
23 नवंबर को यहां बंद रहेंगे बैंक
23 नवंबर को मेघालय में सांस्कृतिक उत्सव सेंग कुट स्नेम के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। इस दिन राज्य के ग्राहकों को बैंक शाखाओं में जाकर काम कराने की सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।
24 नवंबर को इन राज्यों में बैंक रहेंगे बंद
24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के कारण देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें मिजोरम, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। इस दिन इन राज्यों में बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज नहीं होगा। हालांकि, जिन राज्यों में यह छुट्टी लागू नहीं है, वहां बैंक खुले रह सकते हैं।
Read more Manipur Liquor Tragedy: जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत, 180 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
27 से 29 नवंबर तक भी बैंकिंग सेवाओं पर असर
27 नवंबर को कनकदास जयंती के कारण कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के चलते देशभर में बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। वहीं, 29 नवंबर को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। इस तरह नवंबर के आखिरी दिनों में कई राज्यों में बैंकिंग कामकाज प्रभावित हो सकता है। ग्राहकों को सलाह है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से बैंक जाने की तारीख पहले ही तय कर लें।
छुट्टियों की लिस्ट
दिनांक कहां-कहां होगी छुट्टी
23 नवंबर मेघालय
24 नवंबर मिजोरम, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा उत्तराखंड, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश
27 नवंबर कर्नाटक
28 नवंबर पूरे देश में (चौथा शनिवार)
29 नवंबर पूरे देश में (साप्ताहिक अवकाश)
बैंक बंद होने पर भी नहीं रुकेगा ऑनलाइन लेनदेन
Bank holidayबैंक की शाखाएं बंद होने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों का सारा बैंकिंग काम रुक जाएगा। छुट्टियों के दौरान भी UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पैसे भेजने और प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ATM से नकदी भी निकाली जा सकेगी। हालांकि, चेक क्लियरेंस और बैंक शाखा में जाकर किए जाने वाले काम प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए किसी जरूरी भुगतान या बैंकिंग प्रक्रिया के लिए आखिरी दिन का इंतजार न करें। बैंक जाने से पहले RBI की हॉलिडे लिस्ट में अपने राज्य की छुट्टियां जरूर जांच लें।















