14 जनवरी की तारीख शेयर बाजार के लिए बेहद अहम रहने वाली है, क्योंकि इसी दिन सेंसेक्स के F&O कॉन्ट्रैक्ट्स (BSE F&O Contracts) की वीकली एक्सपायरी होगी। पहले यह एक्सपायरी 15 जनवरी को निर्धारित थी, लेकिन महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों के चलते उस दिन शेयर बाजार बंद रहेगा। इसी वजह से सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी एक दिन पहले यानी 14 जनवरी को शिफ्ट कर दी गई है।
15 जनवरी को इक्विटी सेगमेंट, डेरिवेटिव्स, कमोडिटी और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रसीदों में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी।
फ्यूचर एंड ऑप्शन ट्रेडिंग में एक्सपायरी और टाइम वैल्यू की अहम भूमिका होती है। ऐसे में ट्रेडर्स को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपनी ओपन पोजीशन को मैनेज या क्लोज करने की तैयारी कर लें। इस संबंध में BSE ने निवेशकों को जानकारी देने के लिए सर्कुलर जारी किया है।
BSE ने सर्कुलर में क्या कहा?
BSE ने 12 जनवरी को जारी सर्कुलर में कहा की “ट्रेडिंग मेंबर्स को सूचित किया जाता है कि 15 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के कारण कुछ ट्रेडिंग सेगमेंट बंद रहेंगे। इनमें इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स शामिल हैं। ऐसे में जो इक्विटी डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट 15 जनवरी 2026 को एक्सपायर होने वाले थे, उनकी एक्सपायरी 14 जनवरी 2026 को की जाएगी।”
इससे पहले NSE ने भी अपने सर्कुलर में बताया था कि महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के चलते गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को कैपिटल मार्केट सेगमेंट में ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। पहले इस दिन सिर्फ सेटलमेंट हॉलिडे घोषित था, लेकिन अब एक्सचेंज ने साफ कर दिया है कि 15 जनवरी को शेयर बाजार में किसी भी तरह की ट्रेडिंग नहीं होगी।
















