कक्षा चौथी के प्रश्न पत्र में कुत्ते के नाम के विकल्प में ‘राम’ लिखे जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रश्न पत्र तैयार करने वाली शिक्षिका शिखा सोनी को निलंबित कर दिया गया है। शिखा सोनी प्राथमिक शाला खपरी की हेडमास्टर हैं। वहीं, पेपर मॉडरेटर नम्रता वर्मा को सेवा से हटा दिया गया है, जो संविदा शिक्षक के रूप में कार्यरत थीं।
मेरा उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाएं आहत करना नहीं था : शिखा सोनी
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने तिल्दा के बीईओ को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हेडमास्टर शिखा सोनी ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि कुत्ते के नाम के विकल्प में ‘रामू’ की जगह गलती से ‘राम’ अंकित हो गया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और इस त्रुटि के लिए उन्होंने खेद जताते हुए माफी मांगी है।
विवादित प्रश्न से मचा बवाल
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा चार की अर्द्धवार्षिक परीक्षा के दौरान धार्मिक आस्था से जुड़े एक प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। बुधवार को अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र में ‘मोना के कुत्ते का क्या नाम है’ सवाल के विकल्पों में ‘राम’ नाम शामिल था।

इस पर हिंदूवादी संगठनों ने जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे का पटेवा में घेराव किया और कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला तूल पकड़ने के बाद जिम्मेदार अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए।
















