रायगढ़, 31 जनवरी।
कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
29 जनवरी को बालिका की मां ने थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 28 जनवरी की सुबह बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्र, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश के बावजूद बालिका का कोई पता नहीं चल सका। इस पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका जताई गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 34/2026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिलते ही उन्होंने थाना प्रभारी कोतवाली को नाबालिग की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से बालिका को आरोपी आशीष चौहान पिता कमलेश चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी रामभांठा रायगढ़ के कब्जे से सुरक्षित दस्तयाब किया।
आगे की जांच में बालिका के कथन और मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों से जुड़े अपराध बेहद गंभीर होते हैं और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।
















