शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा आकाश झूला अचानक टूट गया, जिससे उस पर सवार छह लोग नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में दो युवतियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
गंभीर घायलों की हालत नाजुक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला टूटते ही लोग चीख-पुकार करने लगे। गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मलदा गांव की निवासी हैं घायल युवतियां
जानकारी के मुताबिक, घायल युवतियां मलदा गांव की रहने वाली हैं, जो शिवरीनारायण मेला घूमने आई थीं। हादसे में घायल लोगों की पहचान चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप के रूप में हुई है।
झूलों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद मेले में लगे झूलों की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
















