Raigarh News : रायगढ़, 13 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन तथा मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में इस संबंध में 12 नवम्बर को जिला कार्यालय में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

Read More : Today Cg News: विशेष लेख : जनजातीय गौरव, संस्कृति के संरक्षण और आत्मनिर्भरता की नई राह पर धमतरी
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री धनराज मरकाम ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन कराया गया है। उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 15-लैलूंगा, 16-रायगढ़, 18-खरसिया एवं 19-धरमजयगढ़ में स्थापित मतदान केंद्रों एवं निर्धारित स्थानों पर फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण संबंधी प्रस्ताव पर निर्वाचन आयोग से प्राप्त अनुमोदन एवं सहमति के अनुसार संशोधित मतदान केंद्रों की सूची का भी प्रकाशन किया गया है।
बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का एक-एक सेट निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा फोटो रहित मतदाता सूची की पीडीएफ फाइल वाली एक-एक सीडी भी प्रदान की गई। साथ ही आयोग द्वारा मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण प्रस्ताव पर दिए गए अनुमोदन के अनुसार संशोधित मतदान केंद्रों की सूची की प्रति भी राजनीतिक दलों को सौंपी गई। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए अपनी पार्टी की ओर से बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति करें। साथ ही नियुक्त किए गए बीएलए की विधानसभा क्षेत्रवार सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके। बैठक के अंत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में सभी दलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर श्री पवन शर्मा, श्री आशीष शर्मा, श्री इनोसेंट कुजूर, श्री समय लाल, श्री अंकुश अग्रवाल, श्री प्रिकंल दास एवं श्री मनीष गांधी उपस्थित थे।
*जिले में 8 लाख 7 हजार 650 मतदाता, 1,226 मतदान केंद्र*
प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार 12 नवंबर 2026 की स्थिति में जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8 लाख 7 हजार 650 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3 लाख 99 हजार 744 पुरुष, 4 लाख 7 हजार 890 महिला और 16 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार लैलूंगा में 2 लाख 918, रायगढ़ में 1 लाख 90 हजार 119, खरसिया में 2 लाख 8 हजार 325 तथा धरमजयगढ़ में 2 लाख 8 हजार 288 मतदाता हैं। वहीं मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद जिले में कुल 1,226 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में 300, रायगढ़ में 326, खरसिया में 299 और धरमजयगढ़ में 301 मतदान केंद्र शामिल हैं। युक्तियुक्तकरण के तहत नए मतदान केंद्र बनाने, मतदान केंद्रों के स्थान एवं भवन में बदलाव तथा कुछ मतदान केंद्रों के नाम में संशोधन के प्रस्ताव शामिल थे। आयोग से अनुमोदन मिलने के बाद इन बदलावों को सूची में शामिल कर लिया गया है।

*11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति, 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन*
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने तथा नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
















